घंटाघर पुलिस चौकी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रिटायर्ड सूबेदार से तीन लाख रुपये लूट लिए। वारदात जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर हुई।
उस वक्त बैंक के बाहर सिक्योरिटी गार्ड भी नहीं था। उधर, लूट की रिपोर्ट भी कोतवाली पुलिस ने एसपी सिटी के हड़काने के बाद दर्ज की।
शंकरपुरी कालोनी में सुरेश चंद शर्मा रहते हैं। वह सूबेदार के पद से रिटायर्ड हैं। उन्होंने बताया कि घंटाघर स्थित पीएनबी में उनका अकाउंट है। घर बनवाने के लिए उन्होंने बैंक से तीन लाख रुपये निकाले थे।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक के पास जीटी रोड पार करने के लिए खड़े थे। तभी मोहननगर की ओर से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा पीले रंग का कपडे़ का थैला झपट लिया।
उन्होंने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग जमा होते बाइकर्स भाग गए। उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी। पीसीआर पर तैनात पुलिसवालों ने छानबीन की।
कोतवाली पुलिस वारदात को संदिग्ध बता लूट की रिपोर्ट दर्ज करने से बचती रही। सूबेदार ने एसपी सिटी से शिकायत की।