इंदिरापुरम थानाक्षेत्र के एक गांव में पांच साल की बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई है। बच्ची की मौत का कारण दम घुटना आया है। पुलिस को शक है कि रेप के दौरान आरोपी ने बच्ची का मुंह दबाया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
शनिवार तड़के हिंडन घाट पर बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वारदात के 24 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर गांव में तनाव है, जिस कारण पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है।
शुक्रवार दोपहर से लापता पांच साल की बच्ची का शव घर के पास ही एक निर्माणाधीन मकान में मिला था। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक अफरोज पर रेप के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए अधिकारियों का घेराव किया था। आरोपी दूसरे समुदाय का होने के कारण गांव में तनाव पसरा था, जिसके बाद बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की गई थी।
विज्ञापन
जिसे भैया कहती थी, उसी ने की दरिंदगी
डेमो पिक
देर रात एसएसपी दीपक कुमार, एसपी सिटी सलमान ताज ने घटनास्थल और गांव के माहौल का जायजा लिया। शनिवार रात से पांच टीमें लगातार आरोपी की तलाश में छापामारी कर रही हैं। तड़के बच्ची का हिंडन घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इसके बाद एक टीम आरोपी के पैतृक गांव खगड़िया बिहार भी रवाना हुई। वहीं, दोपहर को बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है। तनाव बढ़ता देख सुबह कई थानों की फोर्स के साथ पीएसी की एक कंपनी भी तैनात की गई।
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के अनुसार बच्ची के साथ रेप किया गया था। पीड़िता के माता-पिता ने बताया कि अक्सर आरोपी अफरोज बच्चियों को घूरता था।
उन्हें उस पर शक भी हुआ था, मगर सभी बच्चियां उसे भैया कहती थीं, इसलिए उन्होंने कभी इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। पीड़ित माता-पिता ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि जिसे भैया-भैया कहकर वह पुकारती है, वही उसके साथ दरिंदगी करेगा।
सीओ इंदिरापुरम अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी ने पहली मंजिल स्थित कमरे में बच्ची के साथ रेप किया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को निर्माणाधीन कमरे की छह फीट ऊंची छत पर छिपा दिया।
शव के आसपास ईंटों का चट्टा खड़ा कर दिया, जिससे उसकी लाश दिखाई न दे। सीओ ने बताया कि पहली मंजिल स्थित कमरे में खून के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि रेप कमरे में ही किया गया।
- हिंदू रक्षा दल ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, शाम को सड़क पर उतरे लोग
घटना के बाद शनिवार सुबह हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता मृतका के परिजनों से मिलने पहुंचे। लोगों के साथ बात कर उन्होंने पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि अगर 24 घंटे में आरोपी नहीं पकड़ा जाता तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
दीपक प्रजापति ने बताया कि उन्होंने मामले में डीएम को भी ज्ञापन सौंपा है, जिसमें आरोपी को 24 घंटे के अंदर पकड़ने की मांग की गई है। उधर, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए लोगों ने शनिवार शाम हिंडन बंधा रोड जाम करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया है।