ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मूक-बधिर महिला के साथ दो लोगों ने दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन पीड़िता के बेटे के शोर मचाने पर लोग एकत्र हो गए और आरोपी भाग गए।
हालांकि जेवर पुलिस ने अभी तक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। जानकारी के मुताबिक जेवर क्षेत्र के एक स्थान पर एक महिला अपने परिवार के साथ रहती है। वह मूक-बधिर है। रविवार देर शाम को वह अपने बेटे के साथ मोहल्ले में नल पर पानी लेने के लिए गई थी।
लेकिन रास्ते में एक युवक और उसके दोस्त ने महिला को अपने घर में खींच लिया। उस समय पीड़िता का बेटा कुछ पीछे रह गया। लेकिन जब अपनी मां की चीख सुनी तो उसने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और वे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र होता देख आरोपी महिला को छोड़कर भाग खडे़ हुए। पीड़ित के पति ने जेवर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला को पीटा
ग्रेटर नोएडा के जेवर के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर व्यक्ति ने महिला के चेहरे पर डंडा मार दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले का ही एक व्यक्ति काफी दिन से महिला के साथ छेड़छाड़ करता था, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
लेकिन रविवार रात को फिर से मौका पाकर युवक ने छेड़छाड़ की तो महिला ने विरोध किया। इस पर आरोपी ने महिला के चेहरे पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दे दी है, लेकिन अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है।
मारपीट में महिला के कान फटे
ग्रेटर नोएडा के जेवर के सिरसा माछीपुर गांव में दो परिवार के बीच हुई मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की ओर से एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की शिकायत कोतवाली में की गई है।