राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन पर कंट्रोलर से लूट मामले में दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि राजेंद्र प्लेस स्टेशन में सोमवार को दो लोग कंट्रोल रूम में घुस गए थे और मेट्रो कंट्रोलर को चाकू मारकर करीब 12 लाख रुपए लूट लिए थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक दोनों में से एक आरोपी मेट्रो का पूर्व कर्मचारी है। इन दोनों को देर रात अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम पवन और सोनू है। पुलिस के अनुसार ये पूरी साजिश पवन ने रची थी। उसी ने सोनू को कहा था कि लूट की राशि बहुत बड़ी है और उसमें सोनू को भी हिस्सा मिलेगा।
कैसे रची साजिश
लूट के बाद बढी सुरक्षा
- फोटो : अमर उजाला
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए पूर्व कर्मचारी पवन गोस्वामी को चार महीने पहले पीड़ित कंट्रोलर कुणाल किशोल के साथ विवाद को लेकर बर्खास्त किया गया था।
घटना के 36 घंटे पहले करोलबाग मेट्रो स्टेशन पर पवन को सोनू के साथ देखा गया था। आरोपी सोनू पवन के बड़े भाई के साथ कॉल सेंटर में काम करता है।
ऐसे हुई लूट
सीआईएसएफ व पुलिस के घेरे में चलने वाली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था को चौपट करते हुए राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन पर सोमवार सुबह दो बदमाशों ने प्लेटफार्म पर मेट्रो अधिकारी को चाकू मार दिया और 12 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
जख्मी स्टेशन कंट्रोलर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत में सुधार है। मेट्रो परिसर में लूट की यह पहली घटना है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
दरवाजा खटखटाकर घुसे कंट्रोल रूम में
लूट का हुआ खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाश अपने साथ चाकू लेकर प्लेटफार्म पर पहुंचने में कैसे कामयाब हो गए। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे दो युवक राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन परिसर में घुसे।
दोनों के पास दो बैग थे। तलाशी देने के बाद दोनों द्वारका से नोएडा जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंचे। इसी प्लेटफार्म पर स्टेशन कंट्रोलर का कार्यालय है। दोनों युवकों ने दरवाजा खटखटाया और कमरे के अंदर चले गए।
कुछ देर बाद दोनों बाहर निकले। उनके पास तीन बैग थे। बदमाशों के जाने के बाद स्टेशन कंट्रोलर कुणाल किशोर ने बाहर निकलकर शोर मचाया। उसके हाथ कमर और पेट में चाकू के जख्म थे। कुणाल ने बताया कि दो युवक उसे चाकू मारकर 12 लाख रुपये लेकर फरार हुए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। फुटेज में देखा गया कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों युवकों ने पॉल्यूशन मास्क पहन रखा था। दोनों को 5.34 बजे गेट संख्या एक से बाहर निकलते हुए देखा गया है। उनका स्केच बनाया जा रहा है।