दिल्ली में पंजाब पुलिस के एक हवलदार को शनिवार को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उस पर अपनी रिश्तेदार की नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। नाबालिग लड़की ने बाथरूम में खुद को बंद कर पुलिस को फोन कर दिया, जिससे आरोपी दबोचा गया। घटना के बाद पीड़िता किशोरी काफी सहमी हुई है।
आरोपी एसएसपी के बेटे को शूटिंग का ट्रायल दिलाने के लिए दिल्ली लाया था। साथ में वो अपनी रिश्तेदार किशोरी को भी घुमाने के बहाने ले आया। हवलदार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि हवलदार पंजाब पुलिस की तरफ से 1994 में शूटिंग का राष्ट्रीय चैंपियन रह चुका है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के अनुसार, पटियाला निवासी हवलदार दर्शप्रीत सिंह (45) पंजाब पुलिस की सीआईडी, पटियाला में तैनात है। वह एसएसपी पठानकोट के बेटे को शूटिंग की ट्रेनिंग दे रहा है।
एसएसपी के बेटे का तुगलकाबाद शूटिंग रेंज, दिल्ली में ट्रायल होना था, जिस कारण वह उसे लेकर दिल्ली आया था। यहां वह सीआर पार्क के केबल गार्डन, के-1/45 स्थित बेड एंड ब्रेकफास्ट (कॉमनवेल्थ गेम्स में घराें में बनाए गए गेस्टहाउस जैसे) में ठहरा था। एसएसपी के बेटे के साथ ही वह पंजाब से अपनी 15 वर्षीय रिश्तेदार किशोरी को भी दिल्ली घुमाने के लिए लाया था।
आरोप है कि उसने बेड एंड ब्रेकफास्ट रूम में शराब के नशे में किशोरी से छेड़छाड़ की। इस पर किशोरी ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया और पुलिस को कॉल कर दी। पुलिस ने तुरंत वहां पहुंचकर किशोरी को बचाया और आरोपी को दबोच लिया।
मेडिकल जांच में आरोपी के शराब पीने की पुष्टि हुई है। सीआर पार्क थाना पुलिस ने हवलदार के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 और पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया है। परिजनों को पंजाब से बुलाकर किशोरी को उनको सौंप दिया गया है।