धोखाधड़ी के मामले में एक बिल्डर को गिरफ्तार करने नोएडा आई पंजाब पुलिस को करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी नाकामी हाथ लगी। बिल्डर की पत्नी ने उसे कमरे में बंद करके ताला लगा दिया और बाहर पर बैठ गई। पांच घंटे तक पुलिस उसे मनाती रही।
इस बीच बिल्डर अपनी कार से भाग गया और पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। नोएडा सेक्टर-39 निवासी अरविंद सिंह की रेजीडेंसी सोसायटी है। पंजाब में बिल्डर अरविंद सिंह और उसकी पत्नी समेत कई रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
कोर्ट के आदेश पर ही पंजाब पुलिस सेक्टर-39 के सी ब्लॉक में उसे गिरफ्तार करने पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी बिल्डर घर में घुस गया। पत्नी को पुलिस के बारे में पता चला तो उसने कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर ताला लगा दिया और खुद वहीं बैठ गई।
पुलिस ने महिला को गेट से हटाने की कोशिश की तो उसने महिला पुलिस को बुलाने की मांग की। पंजाब पुलिस महिला कांस्टेबल लेकर नहीं आई थी। करीब पांच घंटे तक इसी तरह ड्रामा चला। पंजाब पुलिस ने सेक्टर-39 पुलिस से मदद मांगी। मगर उस वक्त सेक्टर-39 थाने में भी महिला कांस्टेबल मौजूद नहीं थी।
हालांकि थार मोबाइल और पीसीआर को मौके पर भेजा गया था। इस दौरान महिला अपने पति को बचाने के लिए अड़ी रही और पुलिस को धमकी देती रही कि यदि उसे हाथ भी लगाया तो वह कोर्ट जाएगी और मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत करेगी।
करीब पांच घंटे बाद नोएडा पुलिस वहां से चली गई तो पंजाब पुलिस के अफसर भी बिल्डर के घर से चंद दूरी पर छिप कर खडे़ हो गए। इस बीच मौका पाकर बिल्डर अपनी लग्जरी कार में बैठकर फरार हो गया। जब पंजाब पुलिस उसका पीछा भी किया लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया। पंजाब पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।