फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरफिरे आशिक का तांडव: दिनदहाड़े युवती की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के वेलकम इलाके में शुक्रवार सुबह एक सनकी आशिक ने युवती के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। बचाव में आई उसकी मां को भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। वेलकम थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार फराह (20) परिवार के साथ जेड ब्लॉक वेलकम में रहती थी। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने घर में घुसकर फराह और उसकी मां रुकसाना (45) पर चाकू से हमला कर दिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दूसरी मंजिल के कमरे में दोनों खून से लथपथ पड़ी थी।

फराह के शरीर पर चाकू के छह जख्म थे, वहीं उसकी मां को तीन बार चाकू मारे गए थे। पुलिस ने दोनों को जगप्रवेश अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टरों ने फराह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक का नाम अयूब (21) है। वह कबूतर मार्केट में रहता है।
विज्ञापन

कई बार सरेराह किया इजहार-ए-इश्क

फराह ने उसके खिलाफ गत 13 जुलाई को वेलकम थाने में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 26 अगस्त को वह तिहाड़ से बाहर आया था।

पुलिस के अनुसार अयूब ने फराह से बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया। वेलकम पुलिस ने अयूब के खिलाफ हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को चाकू मिल गया है।

जांच में यह बात सामने आई कि कुछ माह पहले फराह कबूतर मार्केट में अयूब के घर किराये पर रहती थी। अयूब उससे एक तरफा प्यार करता था और कई बार उससे इजहार कर चुका था। फराह के मना करने पर भी वह अक्सर उससे मिलने की कोशिश करता था।

परेशान होकर फराह व उसके परिजन उस घर को छोड़कर जेड ब्लॉक में आकर रहने लगे। परिवार वालों के मुताबिक घर बदलने के बाद अयूब फराह के साथ छेड़छाड़ करने लगा और अक्सर उसका पीछा करता था। इस बात की जानकारी होने पर अयूब के खिलाफ वेलकम थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने 13 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया था।

प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को मारी गोली!

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के नगली डेरी में बृहस्पतिवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई। उसके सहयोगी प्रॉपर्टी डीलर के रिवाल्वर से गोली लगी है।

परिजनों ने सहयोगी प्रॉपर्टी डीलर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, आरोपी प्रॉपर्टी डीलर का कहना है कि उसने खुद गोली मारकर खुदकुशी की है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मरने वाले की पहचान विक्रांत गर्ग (30) के रूप में हुई है। वह सपरिवार उत्तम नगर इलाके में रहता था। परिवार में चार भाई व एक बहन है। विक्रांत भाइयों में सबसे छोटा था और चार माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। वह नजफगढ़ निवासी सोमदत्त शर्मा के साथ प्रॉपर्टी का काम करता था। विक्रांत के बड़े भाई टीटू ने आरोप लगाया कि सोमदत्त से प्रॉपर्टी को लेकर विक्रांत का विवाद चल रहा था।

बृहस्पतिवार इसी विवाद को लेकर वह सोमदत्त से मिलने गया था। उसने आरोप लगाया कि सोमदत्त ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या बताने के लिए पुलिस को खुद ही फोन कर बताया कि विक्रांत ने उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। हालांकि पुलिस ने सोमदत्त के लाइसेंसी रिवाल्वर को कब्जे में कर लिया है। साथ ही सोमदत्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

विक्रांत के परिवार वालों का कहना है कि सोमदत्त एक राजनीतिक पार्टी से संबंध रखता है और मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।

फैक्टरी में महिला कर्मी की संदिग्ध हालात में मौत

भजनपुरा इलाके में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घोंडा स्थित एक फैक्टरी से मिला है। महिला के परिचितों ने फैक्टरी मालिक रविंद्र पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बाबत कोई मामला दर्ज किया जाएगा।

बृहस्पतिवार को पुलिस को घोंडा के एक प्रिंटिंग प्रेस में महिला का शव पड़े होने की जानकारी मिली। महिला की पहचान घोंडा निवासी नर्गिस के रूप में हुई। 15 साल पहले शादी हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसका दस साल पूर्व तलाक हो गया था। लंबे समय से वह फैक्टरी में काम कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि नर्गिस ने गत मंगलवार को फैक्टरी में केमिकल पी लिया था। फैक्टरी मालिक की सूचना पर पुलिस ने नर्गिस को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद नर्गिस गत बृहस्पतिवार को वापस फैक्टरी पहुंची थी। जहां से वह संदिग्ध अवस्था में मृत मिली।

पुलिस ने फैक्टरी मालिक रविंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नर्गिस के मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होने के बाद ही होगा और उसके बाद ही इस बाबत कोई मामला दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन

महिला की गला दबाकर हत्या

केशवपुरम इलाके में शुक्रवार दोपहर एक महिला की लाश उसके घर से मिली। उसके गर्दन पर दबाए जाने का निशान है। महिला की पहचान अर्चना मल्होत्रा (45) के रूप में हुई है।

महिला के पति लकवाग्रस्त हैं और उनका कोई संतान नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को किसी परिचित पर हत्या करने का शक है। केशवपुरम पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

ट्रक ड्राइवर की हत्या में चार गिरफ्तार
समयपुर बादली इलाके में एक ट्रक ड्राइवर की हत्या के मामले में पुलिस ने चार हाईवे लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए ट्रक ड्राइवरों से लूटपाट करते थे। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रमजीत सिंह ने बताया कि गत 28 अगस्त की रात समयपुर बादली स्थित सीएनजी पंप के पास एक ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी गई थी।

ड्राइवर की पहचान फरीदाबाद निवासी रफीक के रूप में हुई। वह फरीदाबाद स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाता था। उसके पीछे आ रहे कंपनी के एक अन्य ट्रक ड्राइवर मोइनुद्दीन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मोइनुद्दीन ने बताया कि दोनों फरीदाबाद से प्लास्टिक का सामान लेकर हिमाचल के बद्दी जा रहे थे।

जांच के बाद पुलिस ने समयपुर बादली व जहांगीरपुरी के रहने वाले शानू और पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने इनके निशानदेही पर समयपुर बादली निवासी गौरव तोमर और आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें