हौजखास इलाके में शनिवार को दिल्ली पुलिस के सिपाही ने एसआई के भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में एसआई के भाई गजेंद्र पंवार (30) को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सिपाही सूरजभान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गजेंद्र सपरिवार शाहपुरजट गांव में रहता है। उसका बड़ा भाई दिल्ली पुलिस में एसआई है और फिलहाल उसकी तैनाती साइबर सेल में है। गजेंद्र का नोएडा में प्रॉपर्टी का काम है। आरोपी सिपाही सूरजभान भी गजेंद्र के घर के पास ही रहता है।
शनिवार शाम को घर के पास ही पुरानी बात पर गजेंद्र व सूरजभान में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इस दौरान सूरजभान ने गजेंद्र पर अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
घायल के परिजनों ने बताया कि सूरजभान अपनी दो कारों को गजेंद्र के घर के बाहर खड़ी करता था। कई बार गजेंद्र ने इसका विरोध किया था। इसी को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद सूरजभान ने उस पर जानलेवा हमला किया।