गाजियाबाद में भाजपा नेता बृजपाल तेवतिया पर एके 47 से हमला करने में बदमाशों ने हरिद्वार की फर्जी नंबर प्लेट लगी कार का इस्तेमाल किया। हमले में हरिद्वार की कार इस्तेमाल होने और लावारिस हालत में कार हरिद्वार में मिलने की खबर से पुलिस में हड़कंप मचा रहा।
कार मालिक का पतालगाने के लिए पुलिस दिनभर भागदौड़ करती रही। अंत में सामने आया कि हमलावरों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए हरिद्वार नंबर की फर्जी प्लेट कार पर लगाई थी। गाजियाबाद के मुरादनगर में बृहस्पतिवार की रात अज्ञात हमलावरों ने भाजपा नेता बृजपाल तेवतिया पर एके 47 से हमला कर दिया था।
हमले में भाजपा नेता सहित कई कार्यकर्ता व समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यूपी पुलिस की छानबीन में पता चला था कि हमलावर हरिद्वार नंबर की कार में सवार थे। इस पर यूपी पुलिस ने हरिद्वार पुलिस से संपर्क साधा।
जिले में नहीं बरामद हुए लावारिस कार
ब्रजपाल तेवतिया पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस दिनभर कार की कुंडली खंगालने में जुटी रही। शाम तक मशक्कत के बाद पता चला कि बदमाशों ने कार में हरिद्वार नंबर की फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया है।
कार पर जो नंबर प्लेट लगी है, उससे मिलते-जुलते नंबरों की कार हरिद्वार में जरूर है, मगर हरिद्वार में यूके 08 के बाद अंग्रेजी का एन अक्षर लिखा गया है, जबकि गाजियाबाद में इस्तेमाल हुई कार की नंबर प्लेट में डब्ल्यू लिखा होने की बात सामने आई।
यह कार हरियाणा की होने की जानकारी भी पुलिस को मिली।एसएसपी राजीव स्वरूप ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में कोई लावारिस कार बरामद नहीं हुई है।
यूपी पुलिस की ओर से गाजियाबाद की घटना में इस्तेमाल हुई कार के बारे में जानकारी मांगी गई थी। छानबीन में उस कार से मिलता जुलता नंबर यहां जरूर मिला है, पर गाजियाबाद की घटना में कोई दूसरी कार इस्तेमाल हुई है।