दक्षिण जिले की साउथ कैंपस थाना पुलिस ने दो ऐसे नाबालिगों को पकड़ा है जिन्होंने छोटी सी उम्र में ही 30 से ज्यादा वाहन चोरी व झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे दिया। पुलिस ने इनको पकडने के साथ ही वाहन चोरी व झपटमारी की 30 से ज्यादा वारदातों को खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से आठ महंगे मोबाइल फोन व चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मिली एक सूचना के बाद साउथ कैंपस थाने में तैनात एसआई अशोक कुमार, हवलदार रामप्रसाद, सिपाही मनोज व किशन की टीम ने गुरुद्वारा मोतीबाग के पास पिकेट लगाकर वाहनों की नौ जून को चेकिंग शुरू की। इस चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो नाबालिग को पकड़ा गया। दोनों की उम्र 16 वर्ष के आसपास है। दोनों नाबालिग ने पूछताछ में वाहन चोरी व झपटमारी की काफी वारदात करना स्वीकार किया है।
दोनों नाबालिग संजय कैंप, चाणक्यपुरी के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ दो अपराधिक मामले सरोजनी नगर व साउथ कैंपस में दर्ज हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह चाणक्यपुरी, साउथ कैंपस, सरोजनी नगर, सफदरजंग एंक्लेव और आरकेपुरम इलाके में वारदात करते थे। आरोपी सुबह के समय ही वारदात करते थे। ये सड़क किनारे अकेले घूमने वाले बुजुर्ग व महिला को अपना शिकार बनाते थे।