विजयनगर के वृंदावन एंकलेव में बड़े भाई नौशाद से मारपीट कर रहा इरफान (25) पुलिस को देखकर तीसरी मंजिल से कूद गया।
हल्ला मचा कि उसकी मौत हो गई है, हालांकि पुलिस का दावा है कि वह जीटीबी अस्पताल में भर्ती है और कोमा में है। गर्लफ्रेंड को घर लेकर आया था और उससे शादी की जिद कर रहा था।
गर्लफ्रेंड के दूसरे समुदाय की होने के कारण नौशाद ने शादी का विरोध किया था। पुलिस गर्लफ्रेंड से पूछताछ कर रही है। इस संबंध एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।
विजयनगर एसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि आवास विकास कालोनी स्थित वृंदावन सोसायटी में तीन भाई नौशाद, इरफान और दिलशाद रहते हैं। तीनों ऑटो चालक हैं।
इरफान का अफेयर दिल्ली के रिठाला में रहने वाली युवती से चल रहा था। वह कर्नाटक की रहने वाली है और नोएडा के एक कॉल सेंटर में जॉब करती है।
युवती ने बयान दिया है कि इरफान उससे एक-दो दिन में शादी करने वाला था, इसके लिए वह बड़े भाई की इजाजत चाहता था। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह उसे लेकर अपने घर पहुंचा।
नौशाद ने उसके बारे में इरफान से पूछा तो उसने बताया कि वह उसकी गर्लफ्रेंड है, दोनों शादी करने वाले हैं। युवती दूसरे समुदाय की है, इसलिए नौशाद ने शादी पर एतराज जताया और कहा कि उसे वापस घर छोड़कर आए।
रात करीब एक बजे दोनों भाइयों में गाली-गलौज हुई और मारपीट होने लगी। विकलांग नौशाद की बैसाखी से ही इरफान उसे पीटने लगा। युवती के कहने पर ही नौशाद ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी।
विजयनगर पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर पकड़े जाने के डर से वह तीसरी मंजिल पर चढ़ गया और छलांग लगा दी। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया। गंभीर हालत में उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया।
एसओ ने बताया कि हल्ला मचा कि उसकी मौत हो गई है, हालांकि छानबीन करने पर पता चला कि वह अस्पताल में भर्ती है, कोमा में है।
पिक एंड ड्रॉप के दौरान हुई थी दोनों की दोस्ती
युवती ने बताया कि नोएडा ऑफिस आने जाने के दौरान ऑटो चालक इरफान उसे पिक एंड ड्रॉप करता था। तीन माह पहले उनकी मुलाकात हुई थी।
युवती के पिता और भाई कर्नाटक मे रहते हैं, जिनसे वह ज्यादा वास्ता नहीं रखती। युवती को बुधवार देर शाम तक नहीं पता था कि इरफान की मौत हो चुकी है।