मौर्या एंक्लेव इलाके में बृहस्पतिवार रात सेंट्रो कार सवार बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से दो कारोबारी को अगवा कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एक घंटे के भीतर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर कारोबारियों को मुक्त करा लिया।
हालांकि दो बदमाश भागने में कामयाब रहे। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है। बदमाशों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल सेंट्रो कार, देशी कट्टा और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डूमरे ने बताया कि बृहस्पतिवार रात मौर्या एंक्लेव थाना पुलिस को सूचना मिली कि कार सवार छह-सात बदमाशों ने बाइक सवार दो युवकों को अगवा कर लिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस आरयू ब्लॉक पीतमपुरा के नए एलिवेटेड फ्लाई ओवर स्थित घटनास्थल पर पहुंची। जहां पुलिस को एक बुलेट बाइक गिरी हुई मिली। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि बदमाश युवकों को रोहिणी की ओर लेकर भागे हैं। मौजूद लोगों ने कार नंबर भी बताया।
वायरलेस कर कार का नंबर फ्लैश कर दिया गया। पुलिस कार की तलाश कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कार रोहिणी सेक्टर-13 के नीलकंठ अपार्टमेंट के पास खड़ी है।
सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और कार में सवार दो युवकों को पकड़ लिया, दो अन्य भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने युवकों के कब्जे से कारोबारियों को मुक्त करा लिया। उनकी पहचान किंग्जवे कैंप निवासी महरूम और अहमद अली के रूप में हुई। महरूम की बवाना जेजे कॉलोनी में मीट की दुकान है, वहीं अहमद अली जंक डीलर है।