साइबर सिटी में एक जून से मैट्रिनो पॉड टैक्सी के लिए निर्माण काम शुरू होगा। यह जमीन से दस मीटर ऊंचाई पर ऑटोमेटिक दौड़ेगी। पहले चरण में सरहौल बार्डर से राजेश पायलेट चौक तक यह सेवा शुरू की जाएगी। इस 24 किलोमीटर की दूरी में 14 स्टेशन होंगे।
इस सेवा के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा अंतरराष्ट्रीय निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं जिनमें से 2 मई तक निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा। एनएचएआई द्वारा इस परियोजना की फिजीबिल्टी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है।
पॉड टैक्सी सेवा दिल्ली के धौला कुआं से मानेसर तक शुरू करने की योजना है और इसके पहले चरण में सरहौल बार्डर से राजेश पायलेट चौक के बीच उद्योग विहार, साइबर सिटी, एटलस चौक, झाड़सा, सिग्रेचर टावर, इफ्को चौक, राजीव चौक तथा सुभाष चौक पर स्टेशन निर्धारित किया गया है।
इस पर लगभग 882 करोड़ रुपये की लागत आएगी। एनएचएआई ने अपनी रिपोर्ट में पोड टैक्सी चलाने के लिए तीन रूटों का प्रस्ताव तैयार किया है। जिनमें धौला कुआं से मानेसर वाया साइबर सिटी, महिपालपुर , राजीव चौक और आईएमटी चौक (37 किलोमीटर), दूसरा रूट उद्योग विहार से शीतला माता रोड वाया पालम विहार (22 किलोमीटर) तथा तीसरा रूट उद्योग विहार से राजेश पायलट चौक वाया साइबर सिटी, एटलस चौक, राजीव चौक और ताऊ देवीलाल स्टेडियम (24 किलोमीटर) शामिल है।
लोक निर्माण मंत्री नरबीर सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना पर निर्माण कार्य एक जून से होने की बात कही है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में इसकी फिजिबिल्टी रिपोर्ट में सभी स्टेशनों को मंजूरी दे दी गई है। मैट्रिनो पोड टैक्सी सेवा न केवल धौलाकुआं से मानेसर के बीच चलाई जाएगी बल्कि पुराने गुड़गांव शहर के विभिन्न भागों से भी होकर गुजरेगी।