मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने इंदिरापुरम के एक प्लेसमेंट एजेंसी संचालक को गन प्वाइंट पर नोएडा के जेपी कॉलेज के सामने से अगवा कर लिया।
बाइक पर बैठाकर विजयनगर स्थित हिंडन बैराज पर लाकर अंगूठी-लैपटॉप और साढे़ तीन हजार रुपये लूटे। मामले की शिकायत व्हाट्सएप के जरिए एजेंसी संचालक ने एसपी सिटी से की। वारदात से पुलिस चेकिंग की भी पोल खुल गई।
एजेंसी संचालक मनोज कुमार वैभव खंड में रहते हैं। मनोज के मुताबिक, ‘मंगलवार दोपहर मैं नोएडा गया था, जेेपी कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाश आए। एक बोला कि मोहन नगर के कॉलेज पर हुए बवाल में तुम शामिल थे।
मना किया तो बदमाश बोला कि तुम्हारा चेहरा मिलता जुलता है, पहचान के लिए साथ में चलना पडे़गा। गन प्वाइंट पर मुझे बाइक पर बैठा लिया, शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।
मुझे लेकर हिंडन बैराज पुल के रास्ते कांशीराम कालोनी के पास आए। वहां पर बाइक से उतारकर बोले कि बैग में रखे 2 लाख रुपये हमें दे दो, मैने कहा कि बैग में रुपये नहीं हैं।
बदमाशों ने बताया कि उन्हें पक्की खबर थी कि बैग में दो लाख रुपये हैं। बैग चेक करने पर रकम नहीं मिली तो अंगूठी, मोबाइल, लैपटॉप और पर्स में रखे साढे़ तीन हजार रुपये लूट लिए।
गोली मारने की धमकी दी और भाग गए। जाते वक्त बोले कि मोबाइल वहीं पर फेंक गए हैं। मोबाइल लेकर मैं घर पहुंचा, व्हाट्सएप के जरिए एसपी सिटी को घटना की सूचना दी।’ शिकायत के बाद सीओ इंदिरापुरम ने कॉल कर मनोज को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
50 हजार के लिए कराई पांच लाख की लूट, धरे गए
सेक्टर-2 में दिनदहाड़े एक प्राइवेट कंपनी के कैशियर से हुई लूट की घटना का खुलासा सेक्टर-20 पुलिस व क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से कर दिया।
घटना का खाका कंपनी के पूर्व कर्मचारी ने खींचा था और एक अन्य कर्मचारी ने 50 हजार रुपये के लिए लूट में उसकी मदद की थी।
सेक्टर-6 स्थित एक प्राइवेट कंपनी के कैशियर ललित कुमार 10 सितंबर को दोपहर में साथी सुनील के साथ सेक्टर-18 स्थित बैंक से पांच लाख रुपये निकाल कर कंपनी की ओर आ रहे थे।
सेक्टर-2 में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। घटना की जांच में जुटी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो बैंक के पास कुछ संदिग्ध लोग दिखे।
सीसीटीवी में कंपनी का एक वर्तमान कर्मचारी खोड़ा कॉलोनी निवासी रंजीत नारायण और पूर्व कर्मचारी दिल्ली निवासी माजिद सैफी दिखा।