सेक्टर-31 फ्लाईओवर के पास पुलिस पीसीआर ने स्कूटी पर अपने बच्चों के साथ जा रही महिला को टक्कर मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पीसीआर मौके से फरार हो गई। घटना में घायल महिला एवं बच्चों को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सेक्टर-40 थाना पुलिस ने महिला के बयान पर अज्ञात पीसीआर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-31 शशि अपार्टमेंट निवासी मीनाक्षी हाउसवाइफ हैं। 30 सितंबर को वह अपनी स्कूटी से अश्मित व आयुष के साथ कीर्ति नगर गई थी। रात करीब 9.45 बजे वह वापस सेक्टर-31 लौट रही थी।
आरोप है कि जब वह सेक्टर-31 फ्लाईओवर के पास पहुंची तो पुलिस पीसीआर को उसका चालक तेज रफ्तार से चलाता हुआ आ रहा था जिससे बचने के लिए वह साइड हो गई, लेकिन उसने उसकी स्कूटी पर जोरदार टक्कर मार दी जिसमें वह अपने बच्चों के साथ दूर जा गिरी। इस दौरान पीसीआर चालक मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने उसे व बच्चों को अस्पताल पहुंचाते हुए पुलिस को सूचना दी। जहां चिकित्सों ने उनकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।
मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल देव कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है जिसमें पीसीआर की पहचान हो सके। महिला को पीसीआर का नंबर नहीं पता है। फिलहाल महिला व बच्चों की हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।