सफदरजंग अस्पताल के पास सफदरजंग एंक्लेव में रविवार तड़के हुई सड़क दुर्घटना में बुधवार को नया मोड़ आ गया। आरोपी कार चालक ने जानबूझकर बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारी थी।
अस्पताल में भर्ती बाइक सवार एक युवक की बुधवार को मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल बाइक सवार युवक के बयान के बाद नया मोड़ आया है। पुलिस ने केस में गैर-इरादतन हत्या की धारा जोड़ दी है और आरोपी की फिर से तलाश शुरू कर दी है।
दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्यम बिश्वाल ने बताया कि रविवार तड़के साढ़े चार बजे सफदरजंग एंक्लेव में सड़क दुर्घटना हुई थी। एक कार ने पहले बाइक, फिर ऑटो और उसके बाद कैब को टक्कर मार दी थी।
बाइक सवार दो युवक गुरप्रीत (21) और मनिंदर (22) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक रोहित किशन महंतो (25) को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी के शराब पीने की पुष्टि हो गई थी। डिफेंस कॉलोनी निवासी रोहित मूलरूप से असम का रहने वाला है। रोहित खुद को सुप्रीम कोर्ट का वकील बताता है। डीसीपी ने बताया कि गुरप्रीत की बुधवार को अस्पताल में मौत हो गई। गुरप्रीत बठिंडा (पंजाब) का निवासी था।