ग्रेटर नोएडा में एसटीएफ ने शनिवार रात नॉलेज पार्क थाना पुलिस की मदद से शारदा गोलचक्कर के पास सुंदर भाटी गैंग के बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। दनकौर के जुनैदपुर गांव निवासी आरोपी विजय नागर के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। आरोपी ने आगरा के एक बड़े होटल कारोबारी की हत्या के लिए 12 लाख रुपये की सुपारी शूटरों को दी थी। शूटरों के दिल्ली में गिरफ्तार होने के बाद एसटीएफ ने विजय को भी धर दबोचा।
सीओ एसटीएफ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी विजय लंबे अर्से से सुंदर भाटी गैंग से जुड़ा था। वह सरिया चोरी आदि के रुपये का हिसाब भी रखता था। विजय के बारे में दिल्ली के वसंतकुंज थाना पुलिस से जानकारी मिली थी कि उसके साथी मनीष खारी निवासी इलाबास, फेज दो, नोएडा, चैनपाल गुर्जर और हरिराम निवासी दिलवास गांव, गुरुग्राम, संजय कुमार निवासी खेड़ी भनौता ग्रेटर नोएडा व अशोक कुमार, चमन प्रकाश, बिजेंद्र और संदीप कुमार निवासी फतेहपुर बेरी दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया था कि कि वह आगरा के होटल कारोबारी की हत्या करना चाहते हैं। इसके लिए विजय नागर ने रवि रूपवास को 12 लाख रुपये देकर शूटर तैयार करने के लिए कहा था। इसके बाद रवि ने संजय खेड़ी की मदद से शूटरों की व्यवस्था की थी। एसटीएफ को यह भी पता चला है कि आरोपी विजय लंबे समय से सरिया चोरी में सक्रिय था। वह कासना कोतवाली क्षेत्र में हत्या के प्रयास, सरिया चोरी, अपहरण आदि के मामले में जेल भी जा चुका है।
आरोपी विजय ने कारोबारी की कराई थी रेकी
एसटीएफ ने बताया कि पड़ताल में पता चला है कि विजय नागर ने ही आगरा के होटल कारोबारी की शूटरों से रेकी कराई थी। उसने शूटरों को उसकी गाड़ी व आने-जाने के संबंध में जानकारी दी थी। हालांकि होटल कारोबारी की हत्या सुपारी के बारे में सुंदर भाटी गिरोह से संपर्क करने वाले मुख्य साजिशकर्ता के संबंध में पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी। एसटीएफ मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।