सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र के रजनीगंधा चौराहे के पास एक कार का संतुलन खराब हो गया और गाड़ी ने सड़क पार करते हुए पांच लोगों रौंद दिया। गनीमत यह रही कि कार की स्पीड धीमी थी।
हालांकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनमें से एक की हालत नाजुक है। सभी को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के कंपनी मालिक की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक नोएडा की एक सोसायटी निवासी बुजुर्ग महिला दिल्ली गई थी और शुक्रवार देर शाम को वापस डीएनडी के रास्ते से घर के लिए जा रही थी। जब वह रजनीगंधा चौराहे पर पहुंची तो उनके बराबर से एक युवक काफी तेजी से कार निकालकर ले गया।
एकदम नजदीक से निकली गाड़ी से उनका संतुलन बिगड़ गया और सड़क पार कर रहे युवकों पर कार चढ़ गई। जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों में रियाजुददीन, सलमान, इमरान, खालिद और दूदो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया, मगर हालत गंभीर होने पर पांचों को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहां पर रियाजुददीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, दिल्ली की कपड़ा कंपनी में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के मालिक मोहम्मद सोहराब ने इस मामले की शिकायत सेक्टर-20 कोतवाली में कर दी है।
सेक्टर-20 कोतवाली के इंस्पेक्टर राशिद अली का कहना है कि एक कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है और अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार चला कौन रहा था।