न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (एनएफसी) थाना पुलिस ने चोरी करने के आरोप में एक विदेशी सैलानी को गिरफ्तार किया है। इसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। गिरफ्तार किए गए सैलानी से चोरी किए गए 200 डॉलर बरामद कर लिए गए हैं।
एनएफसी थाना पुलिस फरार सैलानी को पकडने के लिए कई जगह छापेमारी कर रही है। आरोपी चोरी की वारदात करने एक देश से दूसरे देश घूमते रहते थे। अब ये लोग भारत चोरी की वारदात करने आए थे। ये भारत पहली बार आए हैं।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार विदेशी करेंसी को बदलने के दौरान बैंक, अस्पताल, मनी चेंजर व मेडिकल स्टोर पर चोरी व ठगी की वारदातें सामने आ रही थीं। एस्कोर्ट्स अस्पताल के पास इस तरह की चोरी की दो वारदातें सामने आ चुकी थीं।
इन वारदातों को देखते हुए एनएफसी थाना पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। 25 नवंबर को सराय जुलैना में स्थित मनी चेंजर फोरेक्स एंड ट्रेवल सर्विस लि. में दो विदेशी सैलानी आए। एक सैलानी मनी एक्सचेंजर प्रमोद पंत का ध्यान बंटा लिया जबकि दूसरे ने काउंटर से 200 डॉलर चुरा लिए।
कुछ समय बाद प्रमोद को पैसे चुराने का एहसास हुआ। उसने एक विदेशी दावोयूद जारे(43) को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चुराए गए 200 डॉलर बरामद कर लिए। उसका साथी मो. आमिर उर्फ रज्जाक फरार होने में कामयाब हो गया।
गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह कई देशों में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुकेहैं। वह भारत में करीब 40 दिन पहले ट्यूस्टि वीजा पर आए थे। ये एक होटल में पांच से छह दिन ही ठहरते थे।