दिल्ली के प्रीत विहार में विदेश मंत्रालय से सेवानिवृत्त महिला सरोजबाला (70) की हत्या के आरोप में पुलिस ने रविवार देर रात हैदर (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूट की रकम, कान की बाली, बाइक और वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज के जद में आए आरोपी कारपेंटर को पुलिस ने मदनपुर खादर स्थित उसकी बहन के घर से दबोचा। आरोपी ने बताया कि लूटपाट के इरादे से वृद्धा की हत्या की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को प्रीत विहार के चित्रा विहार इलाके में रहने वाली सरोजबाला की हत्या कर दी गई है। वह यहां अकेली रहती थीं। उसकी दो बेटी दिलशाद गार्डन और गीता कॉलोनी में रहती हैं जो अकसर उसके पास आती रहती हैं जबकि बेटा मनमोहन परिवार के साथ चेन्नई में रहता है।
जांच के दौरान पुलिस ने सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाला। जिसमें हैदर बाइक से आता दिखा। पड़ोसियों ने पता चला कि 18 अक्तूबर को हैदर को सरोजबाला के घर के आसपास देखा गया था। छानबीन के दौरान हैदर को मदनपुर खादर स्थित उसकी बहन के घर से दबोच लिया गया। आरोपी मंडावली में किराये के मकान में रहता था। हैदर ने अपना गुनाह कबूल लिया है।
चाय भी पिलाई थी सरोजबाला ने
हैदर ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। जिसकी वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज उतारने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बताया कि चित्रा विहार में काम करने के दौरान उसे पता था कि सरोजबाला यहां अकेली रहती है।
इसलिए 18 अक्तूबर की दोपहर घर में काम करने के बहाने से घर घुसा और लूटपाट शुरू कर दी। महिला के विरोध करने पर उसके सिर पर हथौड़े से वार किया और सिर को दीवार पर पटक दिया। इसके बाद सरोजबाला के मुंह को तकिया से दबा दिया। हत्या करने के बाद वह घर से नकदी और महिला की कान का बाली लेकर भाग गया।
पुलिस को घटनास्थल से चाय की खाली कप और प्लेट मिले थे। इसके बाद ही पुलिस को शक हो गया कि किसी परिचित ने ही घटना को अंजाम दिया है, चूंकि हैदर सरोजबाला के घर में कई बार काम कर चुका था, इसलिए उसके आने के बाद वृद्धा ने दरवाजा खोल दिया और उसे चाय दी।