दिल्ली से ऋषिकेश जा रही पैसेंजर ट्रेन पर दौलतपुरा के पास किसी ने पत्थर बरसा दिए। एक पत्थर ट्रेन चालक के चेहरे पर लगा। इससे वह घायल हो गया।
चालक ने नया गाजियाबाद स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन को रोक दिया और अधिकारियों को सूचना दी। ट्रेन स्टेशन पर करीब आधा घंटे यहां खड़ी रही। इस पर यात्रियों ने हंगामा भी किया। चालक के इलाज के बाद ट्रेन रवाना हो सकी।
दिल्ली से ऋषिकेश तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन से शाम करीब सवा 8 बजे चली। कोट गांव फाटक से आगे निकलने पर जैसे ही ट्रेन मेरठ वाली लाइन पर आई, वैसे ही किसी ने उस पर पत्थर बरसा दिए। एक पत्थर ट्रेन के चालक को लगा और वह घायल हो गया।
घायल चालक ने नया गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंचकर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। डाक्टर की एक टीम भी स्टेशन पर पहुंची और चालक की मरहम पट्टी की।
पत्थर लगने से चालक के चेहरे पर चोट आई थी।दूसरी ओर पहले से ही लेट चल रही ट्रेन जब आधा घंटे तक नया गाजियाबाद स्टेशन पर रुकी रही तो यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस बल और रेलवे अधिकारियों ने जब यात्रियों को ड्राइवर के घायल होने की सूचना दी तब वह शांत हुए। रात 9 बजे के बाद ट्रेन यहां से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी।