पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 29 जनवरी की रात को ओएलएक्स पर मोबाइल बेचने के लिए डाला था। उसे खरीदने के लिए आए माजिद को अपनी कार में जबरन बैठाने लगे थे। माजिद के भागने पर दोनों ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया था।
एसएसपी ने बताया कि बदमाशों ने गाजियाबाद के सिहानी गेट थानाक्षेत्र में वर्ना कार लूटी थी। कार में लैपटॉप, मोबाइल समेत कई अन्य सामान मिले हैं। कार में कई नंबर प्लेट भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाश नंबर प्लेट बदलकर कार चला रहे थें। कार का असली रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि जिस कार से बदमाश भाग रहे थे उसकी स्टेयरिंग समेत कई अन्य सामान के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
ओएलएक्स पर तलाशते थे अपना ‘शिकार’
फेज थ्री थाना क्षेत्र में हुए मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाश गैंग बनाकर ओएलएक्स पर शिकार तलाशते थे। बदमाश अक्सर मोबाइल बेचने या कार खरीदने के नाम पर फोन कर किसी को बुलाकर वारदात को अंजाम देते थे।
गाजियाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक करीब 15 दिन पहले बदमाशों ने ओएलएक्स पर बेचने के लिए अपलोड की गई वर्ना कार की तस्वीर देखकर उसके मालिक को बुलाया था। वहां पर कार का ट्रायल लेने के नाम पर गाड़ी को लेकर भागने लगे थे और विरोध करने पर कार मालिक को फेंककर फरार हो गए थे। कार में ही मालिक का लैपटॉप आदि रह गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 29 जनवरी को भी ऐसी एक वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें मोबाइल खरीदने के लिए युवक को बुलाकर उसे गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस सूत्रों की मानें तो यह करीब 8 से 10 बदमाशों का गिरोह है और ऐसी साइटों पर ही ज्यादा शिकार तलाशते हैं और मोबाइल-कार खरीदने-बेचने के नाम पर लोगों से ठगी और लूटपाट कर फरार हो जाते हैं। पुलिस अधिकारियों की माने तो बदमाश क्षेत्र बदल-बदल कर घटनाओं को अंजाम देते हैं।