9वीं के छात्र की स्कूल से बाहर चाकू घोंपकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
न्यू उस्मानपुर इलाके में बुधवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ छात्रों ने नौंवी कक्षा के एक छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद सुल्तान (16) के रूप में हुई है।
सूत्रों का कहना है कि कुछ दिनों पूर्व सुल्तान का अपनी क्लास केे कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ था। उन लड़कों ने ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
छात्र सुल्तान परिवार के साथ गली नंबर-7, न्यू उस्मानपुर नगर में रहता था। वह सुल्तान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, न्यू उस्मानपुर, पहला पुश्ता में नौंवी कक्षा का छात्र था। बुधवार शाम को स्कूल की छुट्टी के बाद सुल्तान बाहर गली में पहुंचा।
एक चाकू सीने में तो दूसरा पेट में घोपा
सांकेतिक चित्र
वहां पहले से ही उसका इंतजार कर रहे पांच-छह लड़कों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक लड़के ने चाकू निकालकर उसके सीने में घोंप दिया। एक चाकू उसके पेट में मारा। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
इधर, जख्मी हालत में सुल्तान को जगप्रवेशचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुल्तान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वहीं पुलिस की जांच में कुछ लड़कों ने बताया है कि सुल्तान की क्लास के कुछ लड़कों से तू-तू-मैं-मैं हुई थी। उसके आधार पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।