घर में ताकझांक की बात पर गुस्साए युवक ने विवाद बढने पर पड़ोसी के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार देर शाम श्याम नगर झुग्गी में हुई हत्या की इस घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से मुजफ्फर नगर, बिहार का रहने वाला नागेश्वर मेहनत मजदूरी का काम करता था। वह श्याम नगर झुग्गियों में रह रहा था।
सोमवार रात पड़ोसी कपिल ने नागेश्वर पर आरोप लगाया कि उसकी नामौजूदगी में वह घर में ताकझांक करता है।
इस पर दोनों में झगड़ा होने लगा। पड़ोस के शंकर कुमार ने दोनों को शांत कराने का प्रयास भी किया लेकिन दोनों मारपीट पर आमादा हो गए। इस बीच कपिल ने पत्थर उठा कर नागेश्वर के सिर पर पटक दिया।
गंभीर चोट आने से नागेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। अनखीर चौकी इंचार्ज ने बताया कि मूल रूप से पलवल के रहने वाले कपिल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।