गुड़गांव के डीएलएफ में एक बीपीओ में काम करने वाली युवती की अश्लील फोटो खींचने का मामला सामने आया है। शक होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी युवक के मोबाइल में फोटो मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मूलरूप से यूपी के कानपुर निवासी 23 वर्षीय युवती साइबर सिटी में स्थित एक बीपीओ में काम करती है। पुलिस के मुताबिक युवती के कमरे के बगल में बीपीओ में ही काम करने वाला लुधियाना निवासी 27 वर्षीय युवक अंशुल रहता है।
युवती का आरोप है कि मंगलवार को ऑफिस से आने के बाद जब वह अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी, तो आरोपी ने चुपके से उसकी फोटो क्लिक कर ली। दो-तीन बार फ्लैश और कैमरे के क्लिक की आवाज सुनकर जब युवती को शक हुआ, तो वह बाहर आई तो युवक अपने कमरे में चला गया।
मोबाइल में मिली आपत्तिजनक तस्वीरें
युवक से पूछने पर उसने मना कर दिया तो युवती ने उससे झगड़ा किया। मामला बढ़ने के बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर उसमें फोटो देखी तो युवती की आपत्तिजनक तस्वीर मिली।
पुलिस ने आरोपी युवक अंशुल को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पुलिस ने युवक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर भेज दिया गया।
साइबर सिटी में ऐसा मामला सामने आने से एक बार फिर ममहिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रॉपर्टी डीलर पर दुष्कर्म का आरोप
दिल्ली की एक महिला ने प्रॉपर्टी डीलर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार 27 वर्षीय महिला पांडव नगर इलाके में किराए पर रहती है। उसने पांडव नगर थाने में सुबोध जैन नाम के प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की।
उसने बताया कि आरोपी ने कुछ माह पहले उसे किराए पर घर दिलाया था। सोमवार को वह उसके घर किराए लेने के लिए पहुंचा। किसी का इंतजार करने की बात कहकर वह रुक गया। वह अपने साथ कोल्ड ड्रिंक लेकर आया था। उसने कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दो ग्लास मंगवाया।
उसने अपने हाथ से दोनों ग्लास में कोल्ड ड्रिंक डालकर उसे पीने के लिए दिया। जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इस बीच उससे दुष्कर्म किया गया। सुबोध ने उसे किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के बाद महिला का मेडिकल करवाया। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
15 दिनों बाद भी किशोरी का सुराग नहीं
गुड़गांव में 15 दिन पहले साउथ सिटी फेज-एक स्थित एक कोठी में काम करने वाली 16 वर्षीय किशोरी के गायब होने का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस संबंध में परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज कराया जिस पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार वेस्ट बंगाल निवासी अहमद सिद्दीकी ने शिकायत में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी शरीफा खातून साउथ सिटी फेज एक स्थित एक कोठी में काम करती थी। बताया जा रहा है कि 10 सितंबर को किशोरी संदिग्ध हालत में गायब हो गई थी।
किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका। इस संबंध में बीती रात परिजन सेक्टर-40 थाना पुलिस के पास पहुंचे। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।