सीलमपुर में एक महिला ने अपनी बेटी को किरायेदार के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखकर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में खुदकुशी कर लेने की बात कहकर उसे अस्पताल लेकर गई।
अस्पताल पहुंची पुलिस को युवती की मां और भाई की बातों पर शक हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर हत्या किए जाने का खुलासा हो गया। पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल तकिया बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस युवती के भाई से पूछताछ कर उसकी संलिप्तता के बारे में पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय युवती मां और बड़े भाई के साथ सीलमपुर में रहती थी। पिता की मृत्यु हो चुकी है। इनका चार मंजिला मकान है। युवती की मां साईदा ने मकान की तीन मंजिलों को किराये पर लगा रखा है।
साईदा ने अपनी बेटी की शादी गाजियाबाद में तय की थी। शनिवार रात को साईदा अपने घर पहुंची, उसने बेटी को घर में नहीं पाया। आसपास तलाश करने पर जब वह नहीं मिली, तो साईदा उसकी तलाश करते हुए अपने एक किरायेदार के कमरे के पास पहुंची, जहां उसने बेटी को आपत्तिजनक हालत में देखा।
हत्या को बताया खुदकुशी
Murder
साईदा उसे मारते पीटते हुए अपने कमरे में ले गई। इधर मौका पाकर किरायेदार फरार हो गया। कुछ देर बाद जब युवती का भाई कमरे में पहुंचा, तो बहन को अचेत अवस्था में देखा।
अपनी मां के साथ बहन को लेकर वह लोकनायक अस्पताल पहुंचा, जहां उसने बताया कि बहन ने खुदकुशी कर ली है। अस्पताल से सीलमपुर थाने को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मां व बेटे की बातों पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ में साईदा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
उसने बताया कि उसने बेटी की तकिये से मुंह दबाकर हत्या की है। पुलिस ने साईदा को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल तकिया बरामद कर लिया है। वहीं पुलिस युवती के भाई से पूछताछ कर उसकी संलिप्तता के बारे में पता लगा रही है।