दिल्ली-एनसीआर इलाके में लगातार नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से छेड़छाड़, रेप व मारपीट के मामले सामने आते जा रहे हैं। सोमवार को भी इसी तरह का एक और दर्दनाक मामला सामने आया।
जब साइबर सिटी में एक नॉर्थ ईस्ट की लड़की से चलती कार में अश्लील हरकत की गई। देररात दिल्ली से टैक्सी में आ रही नागालैंड की लड़की के साथ टैक्सी चालक ने छेड़छाड़ की।
इस दौरान लड़की ने चलती टैक्सी से कूदकर अपनी जान बचाई। जिसमें लड़की को काफी चोटें लगी है। सोमवार को मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरु कर दी है।
पहले मारे थप्पड़ फिर...
युवती का आरोप है कि उसके विरोध करने पर टैक्सी चालक ने उसे दो-तीन थप्पड़ मारे। जिसके बाद लड़की ने अपनी जान बचाने के लिए शंकर चौक के आग चलती टैक्सी से कूद गई।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी टैक्सी चालक फरार हो गया। कुछ लोगों ने मिलकर उसे प्रीवेट अस्पताल में दाखिल कराया। बताया जा रहा है कि इसमें लड़की को काफी चोटें आई है।
सोमवार को अस्पताल प्रबंधन की तरफ से डीएलएफ फेज दो थाना पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस ने लड़की का बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है।
नागालैंड की रहने वाली लड़की
जानकारी के मुताबिक देररात महिपालपुर में कॉस्मेटिक शोरुम पर काम करने वाली नागालैंड की लड़की टैक्सी से डूंडाहेड़ा आने के लिए टैक्सी में आ रही थी।
पुलिस के अनुसार लड़की ने एंबियंस मॉल के पास टैक्सी चालक को रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने टैक्सी रोकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी और उसने लड़की से छेड़छाड़ करना शुरु कर दिया।
इस मामले को लेकर थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है जिसमें जल्द ही आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।