एनएच-24 स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में मंगलवार को शराब के नशे में घुसे दो युवकों ने हंगामा किया। छात्राओं से छेड़खानी की। विरोध करने पर छात्रों से मारपीट की। कॉलेज के गार्डों ने छात्रों ने की मदद से मनचलों को दबोच लिया। उनकी धुनाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
एसओ मसूरी ने बताया कि दो युवक शराब के नशे में कॉलेज में घुस गए थे। छात्राओं को देखकर अश्लील कमेंट्स किए। छात्रों ने विरोध किया तो मारपीट करने लगे। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दूसरी ओर, कॉलेज के एक छात्र ने बताया है कि लगातार छुट्टियां होने की वजह से छात्राएं घर जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान शराब के नशे में धुत कुछ लड़का ने उनके साथ अभद्रता की। सिक्योरिटी गार्ड ने अन्य स्टूडेंट्स की मदद से युवकों को पकड़ा।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर अगवा करने की धमकी
दो युवकों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर 12वीं की छात्रा को अगवा करने की धमकी दी है। धमकी से छात्रा और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत पुलिस से की गई थी, मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
मंगलवार को उन्होंने एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। छात्रा गोविंदपुरी की रहने वाली है। वह दो अक्तूबर को ट्यूशन से घर लौट रही थी। महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज के ग्राउंड में दो युवक खड़े थे।
इसी बीच छात्रा मोबाइल पर बातचीत करने लगी। युवक उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। 16 अक्तूबर को छात्रा भाई के साथ गोविंदपुरी जा रही थी। रास्ते में मोबाइल छीनने वाले युवकों को देख छात्रा ने शोर मचा दिया।
आरोप है कि युवकों ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की और भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। छात्रा पिता और भाई के साथ युवकों के पास पहुंची। मगर युवकों ने पिता को भी मारपीट कर घायल कर दिया और छात्रा को अगवा करने की धमकी दी।
तंत्र-मंत्र के नाम पर छेड़खानी, गिरफ्तार
खोड़ा स्थित शंकर विहार में तंत्र मंत्र के नाम पर महिला से छेड़खानी करने वाले शैलेंद्र निवासी बुद्ध बाजार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एसओ खोड़ा कालोनी अवधेश यादव ने बताया कि महिला ने शिकायत दी थी कि वह अपनी सहेली के साथ सोमवार को एक तांत्रिक से मिली थी। तांत्रिक उपचार के दौरान उसके साथ गलत हरकत करने लगा।