नोएडा के हिंडन विहार में दिनदहाड़े चोरों ने फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और 20 हजार रुपये नगदी उड़ा दी। इस दौरान पति-पत्नी काम पर गए थे व नौकरानी बच्चे को लेने स्कूल गई हुई थी।
इतनी देर में चोरों ने अपना काम कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-49 स्थित हिंडन विहार में केके राव परिवार सहित रहते हैं।
वह दिल्ली के साकेत में एक सरकारी कार्यालय में अधिकारी हैं। वहीं, इनकी पत्नी सेक्टर-18 में एक निजी कंपनी में कार्य करती हैं। इनकी एक बेटी है जो पास ही के स्कूल में पढ़ती है।
बेटी और घर की देखभाल नौकरानी करती है। सप्ताह भर पहले पति-पत्नी ऑफिस गए थे और दोपहर में नौकरानी स्कूल से बच्ची को लेने के लिए गई थी।
करीब एक घंटे बाद जब वह घर पर पहुंची तो देखा की गेट का ताला टूटा था और घर का सामान बिखरा हुआ था। उसने घटना की जानकारी केके राव को दी। उन्होंने घर आकर देखा कि आलमारी का ताला टूटा पड़ा है।
वहीं, लॉकर से लाखों के गहने और 20 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने मामले की शिकायत सेक्टर-49 पुलिस को दी। पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज किया।