ऑटो मैकेनिक किशन उर्फ कन्हैया को आधी रात प्रेमिका ने एसएमएस करके अपने घर बुलाया था। प्रेमिका के परिजनों ने जब किशन को बेटी के साथ देखा तो आगबबूला हो गए और उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेंक दिया।
ऑनर
किलिंग के इस मामले का खुलासा करते हुए विजयनगर पुलिस ने मंगलवार को आला कत्ल भी बरामद किया। पुलिस एसएमएस के जरिए आरोपियों तक पहुंची, जो प्रेमिका ने किशन को भेजा था।
एसपी सिटी शिवहरि मीणा ने बताया कि विजयनगर निवासी रमेश, पत्नी शीला और बेटे प्रदीप को गिरफ्तार किया गया है। रमेश की बेटी के किशन से प्रेम संबंध थे। 19 जून की रात रमेश परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे।
वहां से बेटी तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर लौट आई थी। बेटी ने सोचा कि परिजन सुबह घर आएंगे, इसलिए उसने रात 11.30 बजे किशन को मैसेज कर अपने घर बुलाया था। तभी रात डेढ़ बजे परिजन भी आ गए।
दोनों को एक साथ देखकर उन्होने बेलन से पीटकर और लोहे की चेन से गला घोंटकर किशन की हत्या कर दी। सुबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल जला दिया था।
ये था मामला
20 जून की सुबह विजय नगर के अकबरपुर बहरामपुर मार्ग पर बोरे में बंद एक लाश मिली थी, जिसकी पहचान किशन निवासी ममता कालोनी विजय नगर के रूप में हुई थी। उसके गले में लोहे की चेन लिपटी थी और सिर पर चोट के निशान थे।
बेटी से दूर रहने की दी थी धमकी
एसपी सिटी ने बताया कि प्रेम प्रसंग की भनक युवती के परिजनों को थी। उन्होंने किशन को बेटी से दूर रहने को कहा था। घटना के समय उसकी आरोपियों के साथ मारपीट हुई थी।
कॉल डिटेल ने सुलझाई गुत्थी
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने किशन के मोबाइल की
कॉल डिटेल निकाली तो गुत्थी सुलझ गई। दरअसल, उसके मोबाइल में आखिरी एसएमएस उसकी प्रेमिका का था। इसके अलावा एक माह में दोनों के बीच करीब 900 बार मोबाइल पर बात हुई थी। आखिरी कॉल भी उसने प्रेमिका को ही की थी।