नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती बीमार महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्डों ने सोमवार रात को महिला से गैंगरेप किया। आरोपी गार्ड निजी सुरक्षा एजेंसी के बताए गए हैं।
इस घटना से मेडिकल कॉलेज प्रबंधन में सन्नाटा पसर गया है। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर अज्ञात सुरक्षा गार्डों के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला व परिजन इस वारदात में कई सुरक्षा गार्डों को संल्पित बता रहे हैं। पीड़िता के पति ने थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस को बताया कि उसका बेटा कुछ समय से बीमार चल रहा है।
बच्चे की बीमारी की वजह से उसकी पत्नी तनाव में थी। पत्नी की तबीयत खराब होने की वजह से 6 दिन पहले उसने पत्नी को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया था। उसकी भाभी और जीजा सोमवार को छोटे बच्चे को लेकर उसकी बीमार पत्नी के पास मिलने आए थे। सोमवार रात में उसकी भाभी व जीजा वार्ड में रुककर नीचे सो गए।
रात्रि 11:00 बजे के बाद सुरक्षा गार्ड ने उसकी पत्नी से उसके बच्चे की रोने की बात कहकर नीचे उसके पास जाने के लिए कहा। जब उसकी पत्नी वार्ड से बाहर निकली, तो बगल के खाली रूम के पास सुनियोजित योजना के तहत खड़े कई सुरक्षा गार्ड उसकी पत्नी को खींचकर कमरे के अंदर ले गए। जहां उसके साथ गैंगरेप किया।
इस घटना को लेकर महिला के परिजनों व ग्रामीणों में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ रोष है। महिला पुलिस थाने की डीएसपी शकुंतला ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकद्मा अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है। मामले में कौन-कौन शामिल हैं, इसकी मेडीकल कॉलेज के ड्यूटी रोस्टर के हिसाब से जांच की जा रही है। वहीं पीड़िता की मेडीकल बोर्ड द्वारा जांच कराई गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही तय हो पाएगा कि महिला के साथ बलात्कार हुआ है या नहीं।
नौकरी से हटाया
मेडीकल कॉलेज के निदेशक डॉ. संसारचंद शर्मा का कहना है कि जब सुरक्षाकर्मी ही मरीजों की सुरक्षा के साथ खिलवाड करें तो कौन महफूज रह सकता है। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन भी सुरक्षाकर्मियों पर आरोप लगे हैं, उन्होंने उन्हें तुरंत नौकरी से हटाने के आदेश कर दिए हैं। यदि सुरक्षाकर्मी दोषी हैं तो उन्हें कड़ी से कडी सजा दी जाए, ताकि मेडीकल कॉलेज को लेकर कोई इस तरह की हरकत न कर सके।