ज्योति नगर इलाके में संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता की शिनाख्त पूजा (24) के रूप में हुई है। पूजा के परिजनों ने उसकी गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि पूजा ने फांसी लगाकर जान दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूजा के पति, देवर व सास को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पूजा अपने परिवार के साथ गली नंबर-4, अमर कॉलोनी, ज्योति नगर में रहती थी। वर्ष 2011 में इसकी जितेंद्र नामक युवक से शादी हुई थी।
दोनों को तीन साल की एक बेटी भी है। पूजा का मायका मुकुंदपुर बुराड़ी है। पूजा के पिता सुंदर लाल ने बताया कि रविवार को उनके मोबाइल पर जितेंद्र का कॉल आया। उसने बताया कि पूजा ने फांसी लगा ली है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि पूजा की मौत हो चुकी है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को सुंदरलाल ने बताया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को परेशान किया जा रहा था।
ननद की शादी में उससे एक लाख रुपये की मांग की गई थी। मांगे पूरी न होने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिता के बयान के बाद पुलिस ने जितेंद्र व उसकी मां व भाई को गिरफ्तार कर लिया है।