पत्नी के साथ धोखाधड़ी कर पति ने प्लॉट किसी और को बेच दिया। पत्नी को भनक न लगे इसके लिए पति ने पत्नी का फोटो बदलकर किसी अन्य महिला का फोटो दस्तावेजों पर चस्पा कर दिया। पत्नी ने विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। एसएचओ विजयनगर नरेश कुमार सिंह ने बताया कि मूलरूप से सुभाष नगर, नई दिल्ली निवासी रजनी थापर ने 29 जनवरी को राजनगर में रहने वाले पति गुलशन कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी कर संपत्ति बेचने और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रजनी के मुताबिक उसके पति गुलशन ने उसका प्रताप विहार के एम-ब्लाक स्थित 130 गज का प्लाट फर्जीवाड़ा कर 80 लाख रुपये में बेच दिया। गुलशन ने दस्तावेजों पर रजनी के बजाय किसी दूसरी महिला का फोटो चस्पा कर दिया और मुख्तयारनामा कराकर संपत्ति बेचने के अधिकार खुद ले लिए।
इसके बाद अपने भाई के नाम प्लॉट की रजिस्ट्री करा दी। भाई ने एक दंपती को प्लॉट बेच दिया। एसएचओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर धोखाधड़ी करने वाले गुलशन की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को उसे कलक्ट्रेट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। वह कहीं भागने की फिराक में था। महिला और उसके पति का पहले से भी विवाद चल रहा था