ग्रेटर नोएडा में कासना गांव के पास हवाई फायरिंग करने से मना करने पर शराब के नशे में धुत युवक ने प्रापर्टी डीलर को गोली मारकर घायल कर दिया।
घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के परिजनों की तहरीर पर चार के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
डाढ़ा गांव निवासी देवेंद्र कुमार की बिल्डिंग मटीरियल की दुकान है। वह प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करते हैं। शुक्रवार रात को कासना में ढाबे पर शराब पीने के बाद कुछ लोग देवेंद्र की दुकान के पास पिस्टल चैक करने के लिए हवाई फायरिंग करने लगे।
यह भी पढ़ें: दरोगा जी थाने में फिर से चोरी हो गई!
इसी दौरान एक गोली देवेंद्र की दुकान की दीवार पर जा लगी। वहां मौजूद कर्मचारी ने फायरिंग करने वालों को गोली कहीं और जाकर चलाने के लिए कहा, जिससे कि किसी को गोली न लग जाए। लेकिन युवक नहीं माने और फायरिंग करते रहे।
कर्मी ने देवेंद्र को फोन कर दुकान पर बुला लिया। उसने शराब में धुत लोगों को फायरिंग करने से रोका तो वे फायरिंग करने के लिए अड़ गए। कहासुनी होने पर डाबरा निवासी टीटू ने व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया और साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
घायल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाप्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि घायल के परिजनों की तहरीर पर टीटू समेत चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दबिश दी जा रही है।