आनंद विहार इलाके में एक शादीशुदा महिला के साथ ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। एक युवक ने महिला के फोटो को अश्लील बनाकर सार्वजनिक करने की धमकी देकर पीड़िता से दस लाख की उगाही कर ली।
जब आरोपी ने पीड़िता से 50 लाख की मांग की तो पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए जयपुर से आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान रवि चौधरी(28) के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पीड़िता सपरिवार आनंद विहार इलाके में रहती है। करीब एक साल पहले फेसबुक पर रवि चौधरी ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा था।
फेसबुक पर शेयर की अपनी फोटो
उसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गयी। दोनों एक दूसरे से बातचीत करने लगे। इस दौरान दोनों ने अपने मोबाइल नंबरों का अदान प्रदान किया। फिर एक दूसरे के फोटो शेयर करने लगे।
आरोपी ने महिला के फोटो से छेड़छाड़ कर उसे अश्लील बना दिया और महिला को ब्लैकमेल करने लगा। फोटो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी उससे कभी दो लाख करीब तो तीन लाख रुपये की मांग करने लगा।
डरी सहमी महिला ने आरोपी के अकाउंट में धीरे-धीरे कर दस लाख रुपये डाल दिए। महिला ने आरोपी से रुपये नहीं होने की बात कही लेकिन आरोपी ने उसे पचास लाख रुपये नहीं देने पर फोटो को सार्वजनिक करने की फिर से धमकी दी।
आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया
- फोटो : Desk
अंत में पीड़िता ने सारी बातें अपने पति को बताया। पति ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और आरोपी के अकाउंट नंबर के जरिए उस तक पहुंच गयी।
पुलिस ने जयपुर निवासी रवि चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।