कापसहेड़ा के सालापुर खेड़ा गांव में पटाखा चलाने को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करने वाले युवक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।
आरोपियों ने युवक को गली में दौड़ाकर लाठी-डंडे से पिटाई की। युवक पर हमला करने के दौरान उसे बचाने के क्रम में उसका पिता भी जख्मी हो गया। दोनों का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान आकाश बिष्ट और उसके पिता धन सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दिवाली की रात करीब दस बजे सालापुर खेड़ा में कुछ युवक पटाखे चला रहे थे। उनका यहां रहने वाले अरुण नाम के युवक से कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।