इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने एक यात्री के पास से दो फर्जी पासपोर्ट बरामद किये हैं। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
सीआईएसएफ अधिकारियों के मुताबिक, 10 जनवरी को एयरपोर्ट पर तैनात सर्विलांस और इंटेलिजेंस कर्मचारी ने एक यात्री को संदिग्ध हालत में टर्मिनल तीन पर घूमते देखा। सीआईएसएफ की टीम ने तुरंत यात्री को रोका और उसके पासपोर्ट की जांच की।
उसके पासपोर्ट में उसका नाम क्वादियो बर्रटिन दर्ज था। उसके पास से अदीश अबाबा जाने का टिकट मिला। पासपोर्ट पर लगा फोटो भी यात्री के चेहरे से मेल नहीं खा रहा था। इसके बाद यात्री के बैग की तलाशी ली गई।
उसमें से एक नाइजीरिया का पासपोर्ट मिला। जो जॉनसन ओका के नाम से था। इसकी जानकारी इमीग्रेशन अधिकारियों को दी गई। जांच करने पर पता चला कि यात्री के पास से बरामद दोनों पासपोर्ट फर्जी हैं।