दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर नशे के एक सौदागर को गिरफ्तार किया है। मध्यप्रदेश का रहने वाला ये आरोपी दिल्ली, यूपी, मध्यप्रदेश, पंजाब व हरियाणा में मादक पदार्थों की तस्करी करता था। आरोपी के कब्जे से बढिय़ा क्वालिटी की पांच किलो हेरोइन बरामद की गई है। बरामद इस हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद सिंह कुशवाह के अनुसार इंस्पेक्टर अत्तर सिंह की टीम ने नशे के सौदागरों के खिलाफ पिछले कई महीनों से अभियान चला हुआ है। इस टीम को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला यूपी, एमपी, दिल्ली,पंजाब व हरियाणा में सक्रिय है। गिरोह के सदस्य मध्यप्रदेश से हेरोइन लाते हैं। सेल की टीम पिछले तीन-चार महीने से इस सूचना पर काम कर रही थी।
इस टीम को 19 जून को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश निवासी नशे का सौदागर नंदकिशोर जोशी (31) हेरोइन की खेप देने दिल्ली आएगा। इंस्पेक्टर अत्तर सिंह व जितेन्द्र तिवारी की देखरेख में एसआई बिजेन्द्र सिंह, राज सिंह व राकेश की टीम ने हनुमान मंदिर, आउटर रिंग रोड पर घेराबंदी कर नंदकिशोर जोशी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से बढिय़ा क्वालिटी की पांच किलो हेरोइन बरामद की गई।
स्पेशल सेल पुलिस अधिकारियों के अनुसार मध्यम परिवार से ताल्लुक रखने वाला नंदकिशोर जोशी पेशे से ड्राइवर है। वह मंदशोर, मध्यप्रदेश में एक व्यक्ति के संपर्क में आया। उस व्यक्ति के कहने पर ये हेरोइन की सप्लाई करने लगा। इस गोरखधंधे में ये आगे बढ़ा तो वह खुद ही हेरोइन व अफीम बनाना सीख लिया और खुद बनाकर आगे सप्लाई करने लगा। पुलिस इसकेसाथियों की तलाश के लिए दिल्ली व एनसीआर में छापेमारी कर रही है।