दिल्ली-मथुरा ईएमयू में सीट के विवाद में हुए जुनैद खान की पीट-पीट कर और चाकू से गोदकर हुई हत्या का मुख्य आरोपी महाराष्ट्र के धुले से गिरफ्तार हो गया है। वारदात अंजाम देने के बाद पुलिस की पकड़ से बचने के लिए हत्यारोपी महाराष्ट्र भाग गया था और जगह बदल बदल कर रह रहा था।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि वारदात के बाद हत्यारोपी ने गांव के ही एक रसूखदार व्यक्ति से संपर्क कर उसे बचाने की गुहार लगाई थी। उस व्यक्ति ने आरोपी को फिलहाल कुछ दिन के लिए शहर से दूर चले जाने की सलाह दी थी।
दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी करने वाला आरोपी परिजनों को भी अपने छिपने के सही ठिकाने की जानकारी नहीं देकर गया था। परिजनों से बंगलुरू जाने की बात कह कर वह महाराष्ट्र के धुले जिले में रह रहा था। पुलिस ने गांव के उसी रसूखदार व्यक्ति को विश्वास में लिया तब जाकर हत्यारोपी के छिपने का ठिकाना पता चला। पुलिस इसके पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने जुनैद पर चाकू से वार करने की बात कुबूल की है। वारदात के समय मौके पर मौजूद जुनैद के भाई हाशिम और मोसिम से भी पुलिस ने हत्यारोपी की शिनाख्त करवाई। कानूनी प्रक्रिया की वजह से जीआरपी ने अभी हत्यारोपी की पहचान गुप्त रखी है।
मालूम हो कि 22 जून को दिल्ली से ईद की खरीदारी कर दिल्ली-मथुरा ईएमयू से लौट रहे खंदावली निवासी जुनैद खान और उसके भाईयों की कुछ सहयात्रियों से लड़ाई हो गई थी। बल्लभगढ़ और असावटी के बीच ट्रेन में मारपीट और चाकूबाजी में जुनैद की मौत हो गया था जबकि शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में पुलिस पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।