सागरपुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल कंपनी के डिस्टीब्यूटर के कर्मचारियों से करीब 16 लाख रुपये लूट लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद कर्मचारियों की स्कूटी भी अपने साथ ले गये। बाद में पीड़ितों की स्कूटी एक किलोमीटर दूर मिल गयी। सागरपुर थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को वारदात में किसी परिचित के शामिल होने का शक है।
पुलिस के अनुसार मनोज सक्सेना एयरटेल डिस्टीब्यूटर का काम करता है। उसका कार्यालय सागरपुर में है। शनिवार को मनोज का दो कर्मचारी दीनदयाल और सोनू 16 लाख रुपये लेकर सागरपुर स्थित एक्सीस बैंक में जमा करने जा रहा थे। स्कूटी को दीनदयाल चला रहा था।
कार्यालय से कुछ दूरी पर नासिरपुर मंडी के पास एक बाइक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर मारने से स्कूटी सवार दोनों युवक नीचे गिर गए। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक उनके पास आया और पिस्टल दिखाकर उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया, साथ ही उनकी स्कूटी को लेकर फरार हो गये। पीड़ितों ने अपने मालिक और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। एक किलोमीटर दूर पीड़ितों की स्कूटी मिल गयी। जांच के बाद पुलिस को आशंका है कि लूटपाट में कोई परिचित शामिल है। साथ ही पुलिस को पता चला है कि दीनदयाल बैंक में रुपये जमा करने के लिए रोजाना जिस रास्ते का इस्तेमाल करता था। उस रास्ते में जाने के बजाए शनिवार को कच्चे रास्ते से जा रहा था। फिलहाल पुलिस दीनदयाल से इस बारे में पूछताछ कर रही है।