फेज-दो कोतवाली क्षेत्र के भंगेल निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके बेटे को अलीगढ़ से दादरी आते समय बदमाश ने नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी और मोबाइल आदि सामान लूट लिया।
नशे के कारण बच्चा मारीपत तक चला गया और लोगों की मदद से पुलिस ने उसे घर पहुंचाया। हालत खराब होने पर उसे ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित पिता ने सेक्टर-24 कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
अलीगढ़ निवासी संतराम सिंह अपने परिवार के साथ भंगेल में रहते हैं और दो दिन पहले उनका बेटा शिवम (16) किसी काम से अलीगढ़ गया था। वहां से बृहस्पतिवार शाम को वापस लौट रहा था।
अलीगढ़ से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में जब वह दादरी के पास पहुंचा तो किसी ने उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे वह नशे में हो गया और उससे नकदी तथा मोबाइल आदि लूट लिए। जब मारीपत पहुंचा तो बेहोश होकर ट्रेन में ही गिर गया।
आसपास के यात्रियों ने पुलिस को सूचित किया तो उसे मारीपत उतारकर दस्तावेज के आधार पर भंगेल पहुंचाया। इसके बाद हालत देख उसे ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पिता ने सेक्टर-24 कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।