कालकाजी इलाके में हथियारों के बल पर बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर 60 लाख से ज्यादा की ज्वेलरी व 11 लाख रुपये कैश लूटने का मामला सामने आया है। हथियारबंद चार नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट भी की। घटना मंगलवार रात की है। पुलिस को बुधवार शाम तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नसीबचंद अग्रवाल (64) सीसी-29 नेहरू एनक्लेव में रहते हैं। घर के नीचे सिल्क कपड़ों का फेवरिक स्टेशन नाम से उनका शोरूम है। उनका बेटा इन दिनों परिवार के साथ इंग्लैंड घूमने गया है।
रात करीब साढ़े आठ बजे घर में नसीबचंद की पत्नी उषा अग्रवाल (65) और नौकर नीतीश (19) ही थे। नसीब चंद नेहरू प्लेस स्थित एक होटल में गए थे। इसी बीच चार हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुसे और उषा व नौकर को मारपीट कर रस्सी से बांध दिया था।