राजौरी गार्डन इलाके में शनिवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक फर्नीचर कारोबारी के कर्मचारी से 11 लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित तिलक नगर के एक कारोबारी से कलेक्शन करने के बाद अपने मालिक के पास जा रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लूटी गई रकम में हजार और पांच सौ के सभी पुराने नोट थे। पुलिस के अनुसार अमित सैनी बसईदारापुर इलाके में रहता है। वह कीर्ति नगर स्थित रंकदीप फर्नीचर में काम करता है।
शनिवार सुबह उसके मालिक राकेश कुमार ने उसे तिलक नगर के कारोबारी यश से 11 लाख रुपये लेकर आने के लिए कहा। अमित बाइक से तिलक नगर गया और यश से 11 लाख रुपये लेकर उसे बैग में रखकर मालिक के पास आ रहा था।
टैगोर गार्डन लालबत्ती के पास पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उसके बगल में आए और उसे बाइक रोकने के लिए कहा। एक युवक बाइक से उतर कर उसके पास आया और उससे बैग छीनकर फरार हो गया।
अमित ने तुरंत घटना की जानकारी अपने मालिक व पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की और पीड़ित की शिकायत पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान की जा रही है।