कविनगर थाने की पुलिस ने चार बच्चों समेत सात चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग शादी समारोह में ज्वैलरी और कैश रखे बैग चोरी करता है।
इनसे तनुश्री फार्म हाउस में चोरी किए गए एक लाख 70 हजार रुपये और सोने का हार मिला है। गैंग में आठ से 12 साल के बच्चे होते हैं, जिन्हें कांट्रैक्ट पर लिया जाता है और चोरी करने की ट्रेनिंग देकर ट्रेंड किया जाता है।
नए कपड़े पहनाकर शादी समारोह में भेजा जाता है, ताकि शक न हो। बच्चों के परिजन ही उन्हें गैंग के सुपुर्द करते हैं। चोरी में मिले माल के हिसाब से बच्चों का हिस्सा तय होता है।
एसपी सिटी अजयपाल शर्मा ने बताया कि पकड़े गए चोरों में संदीप, निरोत्तम, आदित्य और आठ से 12 साल उम्र केचार बच्चे हैं। इन्हें नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास से एक सूचना पर पकड़ा गया।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जटखेडी के रहने वाले हैं। इन्होंने 28 नवंबर को तनुश्री फार्म हाउस में शादी समारोह में चोरी की थी। समारोह से चोर शगुन के पैसों से भरा बैग चोरी कर और सोने का हार झपटकर ले गए थे। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी।
50-60 गैंग देशभर में कर रहे वारदात
एसपी सिटी ने बताया कि देशभर में इस तरह के 50-60 गैंग घूम रहे हैं, जो मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में थाना पचौर क्षेत्र के मुखेडी, गुलखेड, शांसी, जटखेडी और कडीया गांव के रहने वाले हैं।
ये सभी शांसी जाति के हैं। ये बच्चों को समारोह में भेजकर समारोह स्थल के आसपास रहते हैं। बच्चे मौका मिलते ही ज्वैलरी और कैश से भरा बैग चोरी कर लेते हैं।
शादियों के सीजन में होते हैं सक्रिय
एसएचओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि ये गैंग शादियों के सीजन में सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं। शादियों केसीजन के लिए देशभर में फैल जाते हैं। सीजन केबाद अधिकांश वापस अपने गांव चले जाते हैं।
बैंकों के पास भी करते हैं वारदात
एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह के कुछ बदमाश बैंकों में कैश लेकर जाने वाले लोगों को गंदगी लगाकर, पैसे गिरने का झांसा देकर भी वारदात करते हैं।
बरतें सावधानीःएसपी सिटी ने बताया कि शादी समारोह में अगर लोग सावधानी बरतें, लापरवाही से ज्वैलरी और कैश का बैग न छोड़े तो वारदात रोकी जा सकती हैं।