कान में लीड लगाकर गाने सुनते हुए रेलवे लाइन के किनारे चलना एक युवक को भारी पड़ गया। राजधानी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
जांच अधिकारी विश्वास कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब पांच बजे सूचना मिली कि आजाद नगर झुग्गी के पास एक युवक राजधानी की चपेट में आ गया है। मौके पर पहुंचने तक युवक की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि युवक ने कान में लीड लगा रखी थी।
उसके मोबाइल की खोजबीन की गई लेकिन मोबाइल नहीं मिला। उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसने नीली चेकदार शर्ट और नीले कलर की जींस पैंट पहन रखी थी। आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराने की कोशिश की गई लेकिन पहचान नहीं हो पाई।