दिल्ली पुलिस के अधिकारियों में रविवार रात उस वक्त खलबली मच गई जब एक महिला एसआई ने साथी एसआई को सरेराह थप्पड़ जड़ दिया।
दोनों पुलिसकर्मियों के बीच हुई इस झड़प में छह अन्य लोग भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज और मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीच सड़क पर दिल्ली पुलिस के दो सब इंस्पेक्टरों को लड़ते देख हर कोई दंग रह गया। इससे पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मुश्किल में फंस गई पुलिस
पुलिस के अनुसार राजौरी गार्डन इलाके के टैगोर मार्केट में महिला एसआई कार से गई। इस दौरान उनकी कार एक अन्य कार से टच हो गई। उस कार को पुलिस में कार्यरत एक सिख चला रहा था।
कार में चार महिलाएं भी सवार थीं। कार टच होने पर दोनों पुलिसकर्मी होने के चलते भिड़ गए। हालांकि इस दौरान दोनों को को इब बात की जानकारी नहीं थी कि वे दोनों ही दिल्ली पुलिस में एसआई हैं।
आपसी कहासुनी और मारपीट के दौरान ही दोनों ने पुलिस बुला ली। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो दोनों के पुलिसकर्मी होने की वजह से वह भी मुश्किल में फंस गई।
नशे में किया हंगामा!
हालांकि बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से राय लेकर दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए भेज दिया और दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
जिस जगह पर ये सब हो रहा था वहां साप्ताहिक बाजार लगा था और वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ थी। सूत्रों के मुताबिक दोनों की सब इंस्पेक्टरों ने शराब पी रखी थी।