एनटीपीसी पुलिस चौकी पर शिकायत लेकर पहुंची महिला के साथ चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने अभद्रता की। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में देकर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के गांव प्यावली निवासी सुनीत शर्मा पुत्री दाताराम शर्मा गांव में सिलाई कर परिवार का पालन पोषण करती है। उसका आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मदनपाल व उनकी पत्नी बीनू उसके साथ मारपीट व अभद्रता करती हैं।
तीन दिन पूर्व उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट करने पर पीड़िता ने घटना की शिकायत जारचा कोतवाली में की। जारचा कोतवाली से पीड़िता को एनटीपीसी पुलिस चौकी भेजा गया।
जब पीडिता पुलिस चौकी पर पहुंची और अपनी शिकयत दी तो वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने अभद्रता कर भगा दिया और सबक सिखाने की धमकी दी।
इससे परेशान पीड़िता दादरी पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दी है। उस समय सीओ कोतवाली में नहीं थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि वे जरूरी कार्य से बाहर हैं । वापस आकर मामले की जांच करेंगे।