शनिवार को शमीम के चाचा ने भजनपुरा में एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा। उसे पता लगा कि 14 मई को शमीम पड़ोसी दानिश उर्फ तन्नू नामक युवक के साथ कहीं जा रहा है। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने बताया कि वह बहला-फुसलाकर मासूम को सिग्नेचर ब्रिज ले गया था, जहां उसके साथ कुकर्म किया। इसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई।
पकड़े जाने के डर से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को एक कट्टे में डालकर वहीं पर फेंक दिया। पुलिस ने शनिवार शाम शव बरामद कर लिया। उधर, बच्चे की हत्या के बाद पूरा परिवार बेहाल है। उसकी मां बार-बार बेहोश हो रही थी। एक रिश्तेदार ने बताया कि शमीम का पिता शाहजहांपुर में राजमिस्त्री का काम करता है। वहीं से वह घर का खर्चा भेजता है। शमीम का चाचा घर के पास ही अपना रेस्तरां चलाता है। दूसरी ओर आरोपी दानिश का जिंदा मुर्गे सप्लाई करने का काम है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
परिवार ने खुद ही मासूम को ढूंढने में की मेहनत
शमीम के चाचा ने बताया कि भतीजे के गायब होने के बाद पूरा परिवार दिन-रात उसकी तलाश में जुटा था। 16 मई को उन्होंने उनकी गली के बाहर एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। उसमें आरोपी दानिश शमीम के साथ दिख रहा था, लेकिन परिजनों को उस पर शक नहीं था। इसके बाद मोहल्ले के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इस दौरान दानिश पर संदेह हुआ तो पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। शनिवार को शमीम के चाचा को भजनपुरा में एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली तो उनका शक यकीन में बदल गया। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार लिया।