घर में चुन्नी से खेलते हुए दूसरी कक्षा के छात्र को फंदा लग गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और इत्तेफाकन मौत का मामला दर्ज कर लिया है। रिजनों ने किसी ने शक नहीं जताया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से अल्मोड़ा उत्तराखंड निवासी निवासी मनोहर सिंह कई वर्षों से शीतला कॉलोनी में परिवार सहित रहते हैं। वह पास के होटल में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी एक ब्यूटी पार्लर में काम करती हैं। 8 वर्षीय बेटा अमन पास के ही एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ता है। मंगलवार को अमन घर पर अकेला था।
इस दौरान वह घर में कील पर लटकी चुन्नी से खेल रहा था। खेलते हुए चुन्नी का अचानक फंदा बन गया और वह उसके गले में फंस गया। इस फंदे में उलझकर वह लटक गया। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला उनके घर पर लगी तुलसी के पत्ते तोड़ने आई। इस दौरान उसने अमन चुन्नी से लटके देखा।
उसने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में इत्तेेफाकन मौत होने की कार्रवाई की गई है। परिजनों ने किसी पर शक होने की बात से इंकार किया।