खुर्जा में दोहरे मर्डर केस में मारे गए विनोद और सचिन व अस्पताल में भर्ती मनोज गौतम
- फोटो : अमर उजाला
खुर्जा सीट से रालोद प्रत्याशी मनोज गौतम के छोटे भाई विनोद और उसके दोस्त की हत्या परविंदर और फिरोज ने जमीन के लालच में की थी। परविंदर ने अलीगढ़ स्थित अपने गांव में और फिरोज ने मामन खुर्द स्थित अपने गांव में जमीन का चयन भी कर लिया था। मनोज गौतम ने चुनाव जीतने के बाद जमीन का बैनामा कराने का वादा किया था।
खुर्जा सीट से रालोद प्रत्याशी मनोज गौतम मतदाताओं की सहानुभूति लेने के लिए अपने भाई विनोद गौतम और उसके दोस्त सचिन की छह फरवरी की रात हत्या करा दी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए परविंदर-फिरोज और मनोज के बीच बड़ी डील हुई थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो मनोज गौतम ने परविंदर और फिरोज को उन्हीं के गांव में जमीन दिलाने का वादा किया था।
कुछ समय पहले मनोज ने अलीगढ़ स्थित अपने गांव में पांच बीघा जमीन चिह्नित भी कर ली थी, जबकि फिरोज ने थाना खुर्जा देहात क्षेत्र स्थित मामन खुर्द गांव में जमीन चिह्नित कर ली थी। चुनाव बाद विधायक बनने का सपना संजोए मनोज गौतम ने दोनों से जमीन का बैनामा कराने का वादा किया था।
पुलिस ने मनोज गौतम और फिरोज को सलाखों के पीछे भेज दिया। एसएसपी सोनिया सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कई तथ्य विवेचनाधिकारी के सामने आए हैं। सभी की जांच की जा रही है। इसका खुलासा परविंदर की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।